सामान्यतया बोर्ड परीक्षा का नाम सुनते ही बच्चे घबरा जाते हैं। सभी छात्रों में बोर्ड परीक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। बोर्ड परीक्षा कोई ऐसी परीक्षा नहीं, जिसमे आप अपना अच्छा प्रदर्शन ना कर पाए। बस आवश्यकता है शुरू से योजना बनाकर कुछ सामान्य टिप्स अपनाकर आप बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर सकते हैं। तो आइए आज हम उन सभी बिंदुओं पर चर्चा करेंगे जिनको अपनाकर छात्र आगामी बोर्ड सीबीएसई, आरबीएसई की बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक अर्जित कर सकेंगे:-
(1) योजना बनाकर संतुलित अध्ययन करें:- अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए योजना बनाकर पढ़ना फायदेमंद रहता है। इसके साथ साथ यह भी तय करें कि पहले किस विषय को या किस टॉपिक को पढ़ा जावे। कठिन टॉपिक को छोटे-छोटे भागों में बाँटकर समझने का प्रयास करें और आवश्यकता हो तो विषय विशेषज्ञों की सहायता भी ले। इससे वे सारे टॉपिक क्लियर हो जाएँगे, जिनसे परीक्षा में अधिकतम प्रश्नों के आने की संभावना हो।
(2) हमेशा सकारात्मक सोच बनाए रखें:- आपके मन में सकारात्मकता या निर्मल भाव रखें ताकि नकारात्मक भाव मन में प्रवेश न कर सकें। यदि नकारात्मक विचार आते हैं तो मन उसी गुथमगुत्थी में उलझा रहता है व पढ़ने में भी मन नहीं लग पाता है। क्योंकि सकारात्मक सोच से अच्छे विचारों की उत्पत्ति होती है। सकारात्मक विचार हमेशा आपको पढ़ाई में ध्यान केंद्रित करने में मदद करेंगें।
(3) एकाग्रता:- अधिकतम छात्रों की यह शिकायत होती है कि पढ़ते समय उनका मन एकाग्र नहीं हो पाता है।परीक्षा में सफलता के लिए ध्यान को एकाग्र करना ही होगा। यदि आपका ध्यान इधर-उधर की बातों में बँट जाएगा तो आपको एक टाॅपिक को तैयार करने में भी काफी समय लग जाएगा। तेज गति से पढ़ने से ध्यान केंद्रित रहता है। पाठ का सारांश पढ़ें।पढ़ी हुई बातों को आंख बंद करके मन में दोहराने का प्रयास करें यानि मनन करें।
(4) महत्त्वपूर्ण एवं अधिक अंक वाले बिंदुओं पर अधिक ध्यान देवें:- वे टॉपिक जिनके बोर्ड परीक्षा में अधिक अंक आने की संभावना हो, उन पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता होती है। यदि अधिक अंक भार वाले टॉपिक की तैयारी की जाए, तो कम समय में तैयारी कर परीक्षार्थी अधिक अंक अर्जित कर सकते हैं।
(5) नियमित तैयारी पर विशेष ध्यान:- यदि आप अच्छी तरह से सभी विषयों की तैयारी करते हैं, तो यह आपके तनाव को काफी कम करता है। यदि आप अपनी तैयारी में नियमितता लाते हैं, तो कारात्मक सोच बनाए रखें,कम समय में सभी विषयों को कवर किया जा सकता है। यदि आपके पास समय कम हो तो माॅडल प्रश्न पत्रों के माध्यम से तैयारी करना अधिक फायदेमंद रहता है। क्योंकि मॉडल प्रश्न पत्रों के माध्यम से कम समय में अधिकतम पाठ्यक्रम को कवर किया जाकर अधिकतम अंक अर्जित करने में मदद मिलेगी।
(6) लिखने की गति सीमा को बढ़ाना:- पुराने प्रश्न पत्रों को निर्धारित समय में हल करने का प्रयास करें। इससे आप की गति सीमा बढ़ेगी, साथ
ही आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा व वास्तविक परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन करना आसान हो जाएगा।
(7) जागरूकता के साथ अध्ययन करें:- अधिक पढ़ने मात्र से अधिक अंक प्राप्त हो जाएंगे,यह जरूरी नहीं। परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए जागरूक रह कर अध्ययन करना भी आवश्यक हैं। पुराने प्रश्न पत्र एवं मॉडल प्रश्न पत्रों के अध्ययन से प्रश्नों की प्रकृति का पता लगाकर उन प्रश्नों को अच्छे से तैयार करें, जिनके परीक्षा में आने की अधिकतम संभावना हो।
(৪ )रटने के बजाय समझ कर याद करें:- यदि कोई विद्यार्थी रटने की जगह समझ कर याद करने का प्रयास करता है, तो उसे लंबे समय तक याद रहेंगे। कई बार होता यह है कि छात्र द्वारा रटे हुए सवाल परीक्षा में बदलकर आ जाते हैं, जिनका जवाब रटने वाले छात्रों को समझ में नहीं आता है और वे घबरा जाते हैं। यदि आप समझ कर याद करेंगे तो परीक्षा में उस टॉपिक से संबंधित सभी प्रकार के प्रश्नों को हल करने में सक्षम हो जाते हैं।
(9) सुबह जल्दी उठने की आदत डाले:- जल्दी उठने की आदत डालोगे तो आपके पास अन्य काम को करने का अतिरिक्त समय मिल जाएगा, जिससे आपके पास अध्ययन हेतु समय में वृद्धि हो जाएगी। वैसे सुबह के समय को अध्ययन के लिए सर्वश्रेष्ठ समय कहा गया है, परंतु बहुत से छात्रों की आदत रात के समय पढ़ने की होती है और बहुत छात्र दिन में पढ़ाई करते हैं सुबह, शाम व दिन में अपने मूड के अनुसार कभी भी पढ़ सकते हैं जिस समय को आप सहज महसूस करें।
(10) मूल्यांकन:- समय-समय पर अपना मूल्यांकन करते रहे कि आपने जो पढ़ाई की है, वह आपको याद है या नहीं एवं अपनी प्रगति के मूल्यांकन के आधार पर कमजोर विषयों पर अधिक ध्यान दें। जिन विषयों में आपकी पकड़ हैं, उनका भी दोहरान करें उन्हें हल्के में ना लें।
राणा राम भाटिया